शादी के बाद साइटिका

मैं किसी से अपनी बात शेयर नहीं कर पा रही हूं। आप सबसे कर रही हूं। मैं एमएससी के साथ-साथ बीएड भी की हूं। शिक्षक बनने की तैयारी में जुटी थी लेकिन साइटिका ने मेरे जीवन को ठप कर दिया है। पति भी शिक्षक हैं। मैं चार साल के बच्चे की मां हूं। बीते कुछ समय से पांव और कमर में दर्द रहता है। साइटिका की बीमारी से लगभग पूरी तरह से बेड रेस्ट पर हूं। 
----
मेरी परेशानी में ससुराल से कोई भी मदद करने या हालचाल जानने नहीं आया जबकि भरा-पूरा परिवार है। जिसको जहां मेरी जरूरत पड़ी थी, अपना सारा काम छोड़कर मैं वहां मौजूद रही लेकिन आज मेरी परेशानी में कोई मुझे देखने तक नहीं आया। जो थोड़ी बहुत मदद की, वो मेरे पति ने की लेकिन वो भी अब दूसरी महिला के फिराक में हैं।
----
शादी के बाद पति ने अपने घरवालों के सामने मुझे रुलाने और दुखी करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। नशा करना और बिना बात के मुझे दोष देना, मुझ पर चिल्लाना उनका रोज का ही काम है। मैंने प्यार से, गुस्से से, बहुत सुधारने की कोशिश की लेकिन कुछ भी सुधार नहीं हुआ। अब कुछ दिनों से देख रही हूं कि पति आधी रात के बाद एक महिला से बात करते रहते हैं। मैंने उनके फोन में दोनों के मैसेज और स्टेटस भी देखे। पति को शक हुआ तो उन्होंने वाट्सएप में लॉक लगा दिया।
---
मैं जीवन में कभी किसी पर डिपेंड नहीं रही। शादी से पहले जॉब करती थी और घर बाहर दोनों संभालती थी। शादी के बाद प्राइवेट जॉब छोड़नी पड़ी लेकिन सरकारी नौकरी की तैयारी करने लगी। मैंने शादी के बाद रिश्ते को पूरी ईमानदारी और वफादारी से निभाया लेकिन ससुराल में पति या किसी को भी मेरे दुख, दर्द या भावनाओं से कोई लेना-देना नहीं है। 
---
आज जब मैं साइटिका से शारीरिक तौर से परेशान हुई तो पति के अफेयर से मानसिक तौर पर भी अब बहुत परेशानी हो रही है। मैं बहुत ही दर्द और परेशानी के दौर से गुजर रही हूं। ये भी समझ नहीं आ रहा है कि मायके में कौन है जिसेस शेयर करूं, क्या एक्शन लूं? कहां जाऊं, क्या करूं?

Comments