23 साल की आयु में कटु अनुभव

मैं अभी 23 साल की हूं और एक बहुत ही टॉक्सिक प्रेम संबंध से बाहर निकली हूं। इसमें मेरी एक मित्र ने बहुत बड़ी मदद की। टेंशन डिप्रेशन की वजह से मेरी परीक्षाएं भी खराब हुई थीं। मेरी दोस्त ने कहा कि 'दुनिया में कुछ भी स्थायी नहीं है, वो लड़का भी स्थायी नहीं है और उसके जाने का दुख भी स्थायी नहीं है। अब वो सही होता या नसीब में होता तो ये सब न होता। अगर दुनिया में सब बेटियां तेरी तरह हो जाएं तो लोग बेटी पैदा करने से डरेंगे। तेरे जीवन का आखिरी लक्ष्य वो लड़का नहीं था, न ही वो लड़का आखिरी लक्ष्य हो सकता है।'
----
अपनी दोस्त की बात सुनकर मुझे महसूस हुआ कि अटैचमेंट होना तो लाजिमी है वो भी तब जब किसी के पीछे बरसों खर्च किए हों लेकिन जब उसे ही हमारी कद्र नहीं या वो भरोसे के लायक नहीं तो उसके लिए अपना जीवन खराब क्यों करना। मैंने इसके बाद जीवन में छोटे-छोटे लक्ष्यों को बनाकर काम करना शुरू किया। कुछ मोटिवेशनल और धार्मिक किताबों को पढ़कर अपना ध्यान बंटाया। फिर मैंने अपनी स्टडी के लिए घर का एक कोना फिक्स किया और तय किया कि अपनी और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाना है। 
---
इसके बाद मैंने अपनी स्किल्स पर काम करना शुरू किया। कंप्यूटर डिप्लोमा करते हुए पढ़ाई जारी रखी। खुद को ज्यादा से ज्यादा व्यस्त रखा और सबसे इम्पोर्टेंट अपने फ्रेंड्स, मोहल्ले के छोटे बच्चों और घर के पालतू जीवों के साथ समय बिताना शुरू किया। मैंने मिड्ल स्कूल टीचर परीक्षा का प्री भी पास कर लिया है। मेंस का एग्जाम बाकी है। उसकी तैयारी में लगी हूं और साथ में जो मैंने लिखा है, वो सब भी कर रही हूं।
---
ऐसी बहनें जो किसी लड़के के साथ टॉक्सिक रिलेशनशिप से गुजर रही हैं, उनसे मैं कहना चाहती हूं कि जब मैं निकल आई तो वो भी निकल सकती हैं। सबसे पहले वो लड़के से जुड़ी हर चीज को डिलीट कर दें और आसपास से उसके हर गिफ्ट, हर चीज को खत्म कर दें। उसके बारे में किसी से बात करना या सोचना कम कर दीजिए। रात में दस बजे तक सोने की रूटीन बनाइए। बॉलिवुड के सैड सॉन्ग्स सुनना भी बंद कर दीजिए। संभव हो तो यूट्यूब से खोजकर जो आसान लगे, वो ध्यान कीजिए। अपने स्किल्स पर काम कीजिए। पैसे और सम्मान कमाने पर फोकस कीजिए। घर के लोग ताने भी मारें तो सुन लीजिए क्योंकि ये ही वो लोग हैं जो आगे आपके काम आएंगे, आपका साथ नहीं छोड़ेंगे। 

Comments