आज से तीन साल पहले मेरी दीदी को देखने एक लड़का आया। मेरी बहन मुझसे बड़ी है लेकिन पापा हम दोनों बहनों की शादी एक साथ करना चाहते थे। लड़के के परिवार के लोग दीदी को देखने आए तो हम लोगों ने स्वागत किया और बातचीत हुई। फिर हमलोग उनलोगों के जवाब का इंतजार करने लगे। लेकिन उधर से जो जवाब आया उसको सुनकर मैं हैरान रह गई। उन्होंने कहा कि लड़के को छोटी बहन यानी मैं पसंद हूं। मैं उस समय 21 साल की थी। उधर, लड़के ने मुझे इंस्टाग्राम पर खोजकर मैसेज किया। मैंने कहा कि आपको गलतफहमी हो गई है लेकिन उसने कहा कि कॉल पर बात करो, सारी गलतफहमी दूर कर दूंगा।
---
उसके साथ फोन पर मेरी बात होने लगी और वो मुझे कनविन्स करने में लगा रहा कि वो मुझे ही पसंद करके गया। बात होते होते मैं भी यकीन करने लगी। मुझे लगा कि पापा तो मेरे लिए भी लड़का तलाश ही रहे हैं क्योंकि दीदी के साथ ही मेरी शादी होनी है तो क्यों न इसी लड़के से कर लूं। ये लड़का दिन रात प्रयास कर रहा है तो मुझे खुश ही रखेगा। उसने मेरी मां और दीदी से बात की। फिर इसके बाद जब उसने मेरे पापा से बात की तो वो नहीं माने। उनका कहना था कि वो बड़ी बेटी को देखने आया था और अब वह झूठ बोल रहा है। यह बड़ी बेटी के साथ गलत होगा।
---
इस बीच मैं उस लड़के से मिलने भी लगी। उसने विश्वास दिलाया कि वो मुझसे ही शादी करेगा और मुझे नहीं छोड़ेगा। उसने मुझे इतना इम्प्रेस कर दिया कि मैं उससे प्यार करने लगी। मेरे घर में पापा बहुत ही स्ट्रिक्ट थे इसलिए उनके डर से मैंने कभी ब्वॉयफ्रेंड नहीं बनाया। ये लड़का मेरी जिंदगी में पहला एक्सपीरियंस था और मैंने सोचा कि इससे सीधे शादी कर लेती हूं। कुछ दिन तक हम दोनों के बीच यह सिलसिला चला। उसने इस दौरान मुझसे दस हजार रुपए भी उधार लिए। मैं परेशान तब रहने लगी जब उसने मुझे इग्नोर करना शुरू कर दिया।
---
जब मैंने बहुत पूछा तो उसने कहा कि उसकी सगाई कहीं और हो गई है। उसने कहा कि तुम अपने परिवार की इज्जत करती हो और तुमने कहा था कि पापा को मनाओ तभी शादी होगी, तुम्हारी यह बात मुझे अच्छी नहीं लगी थी। उसकी बातें सुनकर मैं बहुत टूट गई थी। मैं अपने पापा से बहुत ही नाराज थी। पापा ने ही इस रिश्ते से मना किया था। मैं उस लड़के से मिलना चाहती थी, उसको मनाना चाहती थी। उसकी सगाई होने के बाद मैं पागल सी हो गई थी। इसी परेशानी में एक दिन मैं घर छोड़कर अकेली चली गई। पापा को इस बात से बहुत धक्का लगा था। हलांकि मैं फिर घर लौट आई थी।
---
मेरी हालत देखकर पापा बहुत टेंशन में रहने लगे। उनको डायबिटीज भी था। पापा ने मुझसे बात करनी भी बंद कर दी थी। इस तनाव में एक दिन वो गुजर गए। पापा छोड़कर गए तो लगा कि दुनिया ही खत्म हो गई है। मैं पागलों की तरह हो गई। दीदी की भी शादी कर दी गई। आज पापा को गुजरे हुए तीन साल बीत चुके हैं और मैं आज भी इसी गिल्ट में जीती हूं कि मेरी वजह से पापा चले गए। मैं हर रोज खुद को कोसती हूं कि उस लड़के के चक्कर में न आई होती तो इतनी गलती नहीं करती और ना ही पापा जाते। मैं हर रोज पश्चाताप में जी रही हूं।
---
मैं अब 24 साल की हो गई हूं। घरवाले मेरी शादी करना चाहते हैं लेकिन मुझमें हिम्मत नहीं है। मुझे लगता है कि मेरी वजह से मेरे पापा की डेथ हुई है और मम्मी अकेली हो गई है। मैं खुद को माफ नहीं कर पा रही हूं और ना ही शादी कर पा रही हूं। उस लड़के ने आज तक मेरा दस हजार रुपया भी नहीं लौटाया। मैं उससे मांग मांगकर परेशान हो चुकी हूं। उसने मुझे हर जगह से ब्लॉक कर दिया। मैं बहुत परेशान हूं और अपना पैसा भी वापस चाहती हूं। पैसों से ज्यादा मुझे ये लगता है कि उसने मुझे कितना बड़ा धोखा दिया। झूठे वादे करके शादी के सपने दिखाए। उसकी वजह से पिछले तीन सालों से डिप्रेशन में जी रही हूं। उसकी वजह से मेरे पापा चले गए। मैं खुद को माफ नहीं कर पा रही हूं। अपने मेरे जीवन का एक ही लक्ष्य है कि मैं उससे बदला लेना चाहती हूं। उसे बर्बाद करना चाहती हूं।
Comments
Post a Comment