Blackmailing

हमारे समाज में आजकल लड़कियां चाहे वो अविवाहित हों या विवाहित हो, वो एक ऐसी कॉमन समस्या से जूझ रही हैं जिसके बारे में मैं इस पोस्ट में जिक्र कर देता हूं क्योंकि एक ही तरह की समस्या को बार बार पोस्ट करना या लिखना मेरे लिए संभव नहीं होता। पता नहीं क्यों लड़कियां कैसे इतनी आसानी से किसी के ब्लैकमेलिंग का शिकार होती रहती हैं और उससे अटैच भी रहती हैं। उसको ब्लॉक भी नहीं करती है या उससे बात करना बंद नहीं करती। फिर मुझे लिखती हैं कि ऐसे में क्या करें?
---
इस समस्या में होता यह है कि लड़का किसी न किसी बहाने से फोन पर लड़की से बात करना शुरू करता है। पहले लड़का खुद को बहुत ही अच्छा और सच्चा दिखाता है और फिर उधर से लड़की भी बात करती रहती है। अब वो जो भी बात करें, चाहे दोस्ती की बात करें या प्यार की बात करें, लेकिन बात करते रहते हैं। फिर करीब कुछ महीने या साल बीतने के बाद ब्लैकमेलिंग का खेल शुरू होता है। जब लड़का देखता है कि अब तो लड़की पूरी तरह से उसके काबू में है तो उसको अब पूरी तरह से कंट्रोल करना शुरू करता है। इसमें लड़का तरह तरह से फोन पर ही ऑडियो या वीडियो के माध्यम से लड़की को आत्महत्या करने की धमकी देता रहता है। या फिर उसके चैट या कॉल को इंटरनेट पर डालने या किसी रिश्तेदार तक पहुंचाने की भी धमकी देता है। यहां तक कि पति, मां-बाप या रिश्तेदारों की हत्या तक करने की धमकी देता है।
---
इसमें होता ये है कि शादीशुदा महिलाएं इस बात को लेकर डर जाती हैं कि किसी गैर मर्द से बात करने की बात पति या समाज ने जान लिया तो उसकी बदनामी होगी और विवाहित जीवन भी खराब होगा। अविवाहित लड़कियों को यह डर होता है कि अगर यह बात उनके परिवार को पता चल गई या समाज ने जान लिया तो उसकी भी बदनामी होगी और फिर आगे उस पर तरह तरह के प्रतिबंध लगाए जाएंगे या फिर शादी होने में समस्या होगी। कमाल की बात ये है कि लड़का फोन या सोशल मीडिया के माध्यम से ही लड़की को हर तरह से कंट्रोल करता रहता है और लड़कियां कंट्रोल होती रहती हैं।
---
मेरे पास जितनी इस तरह की स्टोरीज आती हैं उनमें लड़कियां फंसी हुई मालूम पड़ती हैं। वो इस रिश्ते से निकलना तो चाहती हैं लेकिन वो लिखती हैं कि अगर वो नंबर ब्लॉक भी कर दे तो नए नए नंबरों से लड़का उनको मैसेज या कॉल करता रहता है। अब मुझे नहीं मालूम कि कोई लड़का इतने नंबरों का जुगाड़ कैसे कर लेता है जबकि मैं तो यही जानता हूं कि आजकल एक आईडी पर सीमित संख्या में ही सिम मिलते हैं। हो सकता है कि इंटरनेट के माध्यम से या नया सोशल मीडिया प्रोफाइल बनाकर ऐसा करता होगा क्योंकि आजकल सोशल मीडिया से भी कॉल या मैसेज वगैरह भेजे जा सकते हैं। खैर, अब ऐसी समस्या का कोई समाधान मुझे भी नहीं सूझता क्योंकि लड़कियां अमूमन पुलिस की मदद नहीं लेना चाहती हैं। फिर ब्लॉक करने वाला तरीका भी काम नहीं करता।
----
मैं इस पेज के माध्यम से अविवाहित या विवाहित महिलाओं से यह अपील करता हूं कि अगर उनको इस तरह की समस्या से निकलना है तो सबसे पहले अपनी गलती को स्वीकारना होगा। गलती ये नहीं कि उन्होंने किसी इंसान से बात की, गलती ये कि गलत इंसान के चंगुल में खुद को फंसने दिया। दूसरी बात कि उनको उस डर को खत्म करना होगा जिस वजह से वो ऐसे इंसान के चंगुल में फंसी रहती हैं और वो दूर से ही उसको कंट्रोल करता रहता है। उसको हर जगह से ब्लॉक कर संवाद को पूरी तरह से खत्म करना ही ठीक रहेगा। जितने भी नए नंबर या सोशल मीडिया प्रोफाइल से मैसेज या कॉल आए उसको तुरंत ब्लॉक करना होगा। मेरी समझ से तो यही एकमात्र रास्ता है। हमारे समाज में ऐसे मामलों में परिवार भी ऐसी लड़की का साथ नहीं देता इसलिए समस्या का समाधान निकालना और मुश्किल हो जाता है। तो परिवार के लोग अगर मदद कर पाएं तो जरूर करें। गलतियां किसी से भी हो सकती हैं।

Comments