पति अगर पत्नी पर थूक दे तो पत्नी को क्या करना चाहिए? मेरी अरेंज मैरिज साल 2022 में हुई थी। फरवरी 2022 में शादी हुई और अक्टूबर 2022 में ऐसी घटना हुई जिसके बाद से मैं मायके में रह रही हूं। एक रात को मेरे और पति के बीच कुछ कहासुनी हुई और एक नॉर्मल सी बात पर उसने मुझ पर थूक दिया। उसने मुझे गाली भी दी। खुद पर थूके जाने के बाद मैं कुछ कह नहीं पाई और रोने लगी। मैं काफी देर तक रोती रही लेकिन उसने मुझसे कोई बात नहीं की।
---
फिर मैंने उसे कहा कि ये सारी बात मैं तुम्हारी मां को सुबह उठकर कह बताऊंगी। इसके बाद वो मुझसे माफी मांगने लगा। कहने लगा कि आगे से ऐसा नहीं करूंगा। उसने सिर्फ अपनी मां के डर की वजह से सॉरी बोला था। अगली सुबह को मैंने यह सब बात अपनी सास को न बताकर, अपनी मां को बताई। यह जानने के बाद मेरे मां और पापा मेरे ससुराल आए तो उनके सामने पति ने साफ इनकार कर दिया कि उसने मुझ पर थूका था। उसने मुझ पर ही झूठ बोलने का इल्जाम लगा दिया।
---
मेरी सास को मां ने कह दिया कि बेटी को तब वापस भेजेंगे जब दामाद जी अपनी गलती का अहसास करेंगे और इसको लेने आएंगे। अक्टूबर 2022 में मायके आई थी और अब एक साल से ज्यादा होने जा रहा है, मेरे पति को न तो गलती का अहसास हुआ और न ही वो मुझे लेने आया। पहले मेरी सास ने पापा को फोन कर कहा कि मेरे बेटे ने आपकी बेटी पर थूका नहीं है। फिर अब कुछ दिन पहले दिसंबर में ही सास मुझे फोन कर बोली कि उसने तुमको सॉरी तो बोला था।
---
लेकिन मेरे पति के साथ पिछले सवा साल से कोई बातचीत नहीं है और न ही उसको अपनी गलती का अहसास हुआ। न ही वो मुझे वापिस ले जाने के लिए आया। अब मुझे समझ नहीं आ रहा है कि मैं क्या करूं? क्या खुद पर थूके जाने के बाद मुझे सबकुछ बर्दाश्त कर लेना चाहिए था? क्या मुझे खुद से उसके पास वापिस जाना चाहिए? क्या इस तरह का अपमान सहने के बाद मेरा वापिस फिर पति के पास जाना ठीक रहेगा? जो इंसान अपनी गलती का अहसास नहीं कर रहा है, अपने आत्मसम्मान को दांव पर लगाकर क्या उसके सामने झुकना सही होगा?
Comments
Post a Comment