पूर्व प्रेमी या वर्तमान पति

मैं 45 साल की महिला हूं। वैसे तो मेरी शादीशुदा जिंदगी में पति और 3 जवान हो चुके बच्चे हैं लेकिन मेरी वजह से मेरे एक्स ने आज तक शादी नहीं की। मैं भी इधर जिंदगी की त्रासदी झेल रही हूं। वैसे तो मेरे पास सबकुछ है। घर में पैसों या किसी भी चीज की कमी नहीं है। हम दोनों पति पत्नी जॉब में हैं। अपनी कहानी कहने से पहले यह बता दूं कि हम दोनों ही हैंडीकैप हैं। मैं सुन नहीं पाती हूं। शादी से पहले एक लड़के से मैं प्यार करती थी। वो कॉलेज का समय था। वो भी मुझसे प्यार करता था और शादी करना चाहता था लेकिन जब हम दोनों का ग्रेजुएशन पूरा हुआ तो उसके बाद वो लॉ करना चाहता था और उसके बाद फिर शादी। इस बीच पहले वह अपनी बहन की शादी भी करना चाहता था।
---
इधर मैं घर की बड़ी बेटी थी और मेरा ग्रेजुएशन पूरा हो चुका था। मेरे पापा अब शादी के लिए रिश्ता खोजने लगे और मैं मना नहीं कर पाई क्योंकि मैं तीन साल इंतजार नहीं कर सकती थी। उसने भी मुझे शादी करने से रोका नहीं, ना ही वो अपने लॉ करने के फैसले से पीछे हटा। उसके ऊपर बहन की जिम्मेदारी भी थी तो वो शादी करने की स्थिति में नहीं था। शादी से पहले ही मैंने होने वाले पति को अपने पास्ट के बारे में सबकुछ बता दिया लेकिन उन्होंने कहा कि कोई बात नहीं। मेरी शादी हो गई और साल 2012 में मेरी जॉब लग गई। मैं अपने पति के साथ दिल्ली शिफ्ट हो गई और हम दोनों खुशी खुशी रहने लगे। इस बीच हमारे तीन बच्चे भी हो गए थे।
---
साल 2018 में मेरे पति ने अचानक ज्यादा शराब पीना शुरू कर दिया और वे घर के प्रति लापरवाह होने लगे। मुझे भी वो समय नहीं देते थे। मैं अकेली फील करने लगी थी। तभी उसी बीच मुझे फेसबुक पर मेरा एक्स प्रेमी दिखा तो मैंने उससे बात की। मैं हैरान रह गई कि मेरी शादी होने के बाद उसने पिछले 18 साल से शादी ही नहीं की। मैं यह देखकर बहुत रोई। अपने पति से मैंने कहा कि मेरी वजह से उसकी जिंदगी बर्बाद हो गई। पति ने कहा कि रोना बंद करो, उसे समझाओ। फिर मैंने अपने एक्स को समझाया तो वो कहता है कि मैं अब भी तुमसे ही प्यार करता हूं।
---
मेरे पति लापरवाह जरूर हैं लेकिन बहुत अच्छे हैं। उन्होंने कहा कि तुमको जो करना हो करो लेकिन मैं तुमको नहीं छोड़ सकता। पति ने पूछा कि क्या तुम उससे मिलना चाहती हूं तो मैंने कह दिया कि मैंने आपको न ही कभी धोखा दिया है और न ही कभी दूंगी। इसके बाद फेसबुक पर भी एक्स से बात करनी मैंने बंद कर दी। जबसे पति से इस बारे में बात हुई है तबसे पति ने भी मुझसे प्यार करना या केयर करना छोड़ दिया है। पूरे दिन वो मोबाइल में लगे रहते हैं। मैं चेक किया तो यही पाया कि वो इंस्टाग्राम पर रील्स देखते रहते हैं, और कुछ नहीं मिला।
---
इधर बच्चे भी बड़े हो गए हैं तो वो भी अपनी दुनिया में व्यस्त रहते हैं और मेरी वो भी केयर नहीं करते हैं। मुझे जॉब के साथ साथ घर के अंदर बाहर का सारा काम करना पड़ता है। कोई काम में हाथ नहीं बंटाता तो गुस्सा आता है। मैं सुन नहीं पाती इसलिए किसी से फोन पर या वैसे भी बात नहीं कर पाती हूं। बीमार सी रहने लगी हूं पर मेरे घर में न पति को चिंता है और न ही मेरे बच्चों को। थॉयराइड की मरीज हूं तो ज्यादा चल भी नहीं पाती। डॉक्टर के पास भी जाने के लिए साथ में कोई चाहिए जो डॉक्टर की बात सुने लेकिन आज मुझ बहरी को सुनने देखने वाला कोई नहीं।
-----
जिंदगी बिल्कुल खामोश हो गई है। इन वजहों से चिड़चिड़ी सी रहने लगी हूं। अंदर ही अंदर घुटती रहती हूं। मैंने कहां गलती कर दी गृहस्थी को संभालने में कि उम्र के इस मोड़ पर पति और बच्चों ने मुझे अकेला कर दिया? अभी भी एक्स मेरा 23 साल से इंतजार कर रहा है लेकिन इस पति के लिए उससे भी मैं दूर हो गई।

Comments