घर के खिलाफ जाकर मैंने लव मैरिज की जहां पैसों की दिक्कत तो है लेकिन प्यार बहुत है। पैसों की कमी तो हम कमाकर पूरी कर लेंगे लेकिन इतना प्यार मुझे कहीं और नहीं मिलता। साल 2014 की बात है जब मैं कॉलेज जाने लगी तो पापा ने स्मार्टफोन दिया। मैंने फेसबुक पर आईडी बनाई। 17 नवंबर 2014 को एक फेसबुक पोस्ट के कमेंट में एक लड़के से मेरी बहस हुई। फिर मैसेंजर पर उस लड़के से मेरी बात हुई। धीरे-धीरे हम दोनों फ्रेंड बन गए। मैं इंदौर की हूं, वो राजस्थान में नागौर के एक गांव का था। हम दोनों की कास्ट सेम थी।
-------
लेकिन कास्ट के अलावा हम दोनों का कुछ भी सेम नहीं था। 24 दिसंबर 2014 को मेरा जन्मदिन था और वो मुझे हैप्पी बर्थडे कहने इंदौर चला आया। दरअसल, वो मुझे आई लव यू बोलने आया था। मैंने भी एक्सेप्ट कर लिया लेकिन कहा कि शादी की गारंटी नहीं दे सकती। फिर हम दोनों दिन रात बात करने लगे। एक दिन मेरे मम्मी पापा को शक हो गया। मुझे घर में सब सीरियस लड़की मानते थे। पढ़ने लिखने में अच्छी हूं। क्लास में टॉप करती रही। अपने काम से काम रखती थी। मेरा रंग-ढंग बदलते देख पापा ने मेरा फोन चेक किया और सबूत मिल गया। उन्होंने मेरा फोन ले लिया और कॉलेज जाना बंद करा दिया।
-------
मेरी एक दोस्त मुझसे मिलने घर आई तो मैंने फिर उस लड़के से दोस्त के फोन से बात की। उसने मुझसे मेरी मां का नंबर मांगा, कहा कि मैं बात करूंगा। मैंने नंबर दे दिया। फिर उसने मेरी मां से बात कर मेरा हाथ मांग लिया। घर में मैंने भी मम्मी पापा से जिद की तो पापा लड़के को देखने राजस्थान गए। लेकिन उनको वहां जाकर अच्छा नहीं लगा। मेरे मम्मी पापा दोनों सरकारी नौकरी में हैं। हमारे पास एसी, कार समेत सारी सुविधाएं हैं। लेकिन लड़के के घर की आर्थिक हालत ठीक नहीं थी। गांव में लड़के का घर पुराना था और वहां कार, एसी जैसी कोई लग्जरी नहीं थी। उसका घर इंदौर से काफी दूर भी था।
-------
पापा राजस्थान से लौटे और मेरा फोन फिर ले लिया। वे मेरे लिए रिश्ता खोजने लगे। मैं उस वक्त मजबूर सी हो गई थी। एक जगह मेरी शादी फिक्स कर पापा ने सगाई कर दी। इस बीच फिर मैंने अपनी दोस्त के फोन से अपने लवर से बात की तो उसने कहा कि आखिरी बार मिलना चाहता हूं। मैंने सोचा कि आएगा तो उसके दिए सारे गिफ्ट्स लौटा दूंगी। लेकिन वो मिला तो रोने लगा। कहने लगा कि तुम्हारे बिना मर जाऊंगा। कहा कि पापा जो बता रहे हैं कि मेरे पास पैसा नहीं है तो उसमें मेरी क्या गलती है। मैं इतना पैसे वाला नहीं हूं, क्या इसलिए मैं तुम्हारे लायक नहीं हूं? उसने कहा कि अगर तुम किसी और से शादी करोगी तो भी मैं तुम्हारा इंतजार करूंगा। जब मेरी जरूरत हो तो मेरे पास आ जाना।
--------
मैं भी उससे शादी करना चाहती थी। मेरी जिससे सगाई हुई थी उसकी पहले से गर्लफ्रेंड थी जिसके साथ वो बिजी रहता था। मैं इस बात को लेकर भी परेशान थी तो मैंने अपने लवर के साथ शादी करने का फैसला लिया और घर से निकल गई। 4 अगस्त 2016 को मैं उसके साथ फ्लाइट से राजस्थान आ गई और शादी कर ली। दो दिन बाद मम्मी पापा दोनों मिलने आ गए और उन्होंने इस शादी को स्वीकार कर लिया। फिर मैं अपने मायके गई और सबकुछ नॉर्मल हो गया। मेरे मम्मी पापा के साथ उसका रिश्ता अच्छा है।
--------
ससुराल में आने के बाद मैं एडजस्ट नहीं कर पाई। इंदौर से निकलकर बैकवार्ड इलाके में चली आई थी तो मुझे ससुराल में सबके साथ समस्या होने लगी। मैं पति के साथ अलग रहने लगी। मैंने इंदौर में इतनी सुविधाएं देखी थी लेकिन अब यहां एक टूटे हुए किराए के मकान में रहती हूं। बहुत खुश हूं कि मेरा प्यार मेरे साथ है। मेरे पति ने मुझे शादी के बाद पढ़ने का मौका दिया और मैं अब एलएलबी करने के बाद प्रैक्टिस कर रही हूं। मेरे पति भी कमा रहे हैं और जल्दी ही हम दोनों अपना आशियाना खरीद लेंगे। तीन साल का हमारा बेटा है।
--------
मेरा पति मेरा ढाल है। वो हर मुसीबत में, हर परेशानी में मेरे साथ खड़ा रहता है। घरेलू कामों में भी मेरी मदद कर देता है। मुझे हर चीज की आजादी उसने दी है। वो अपने घरवालों से भी मेरे लिए लड़ जाता है। अपने खर्चों में वो भले कटौती करें लेकिन मेरी सभी जरूरतें पूरी करता है। मुझे मम्मी पापा भी सपोर्ट कर रहे हैं और उनकी तरफ से भी मदद मिल जाती है तो हमारा घर चल रहा है। अब ससुराल के लोगों के साथ भी हमारे रिश्ते नॉर्मल हो चुके हैं। ससुराल से भी हेल्प मिलती है और वो मुझे अपना रहे हैं।
--------
जहां तक मैंने लाइफ को समझा है तो पैसों की दिक्कत तो आज न कल दूर हो जाएगी लेकिन इतना प्यार करने वाला पति तो बहुत किस्मत से मिलता है। मुझे इतने अच्छे माता पिता मिले जिन्होंने मेरी मर्जी की शादी को स्वीकार किया। मेरी स्टोरी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं। फेसबुक पर दो अंजाने मिले जो दो अलग-अलग स्टेट के तार जुड़ गए। मैं इस मामले में भी लकी हूं कि दुनिया में फेसबुक से हुए प्यार में इतने फ्रॉड होते हैं लेकिन मेरे साथ ऐसा कुछ नहीं हुआ।
Comments
Post a Comment